July 30, 2026

Korba News: गेवरा खदान में दर्दनाक हादसा — ट्रेन से टकराया लोडर, चालक की मौके पर मौत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

Screenshot_20251026_181303_Chrome

कोरबा। कोरबा जिले की एसईसीएल गेवरा परियोजना खदान में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, पहली पाली में रेलवे साइडिंग क्षेत्र में कार्यरत निजी कंपनी एम/एस एसीबी (ACB) का एक लोडर ऑपरेटर कोयला मालगाड़ी में लोड कर रहा था। इस दौरान ट्रेन अचानक चल पड़ी, जिससे लोडर ट्रेन से टकरा गया और चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 9 बजे हुआ जब कोयला लोडिंग का काम चल रहा था। ऑपरेटर लोडर को पीछे कर रहा था और अनजाने में रेलवे ट्रैक के बेहद पास पहुंच गया। उसी वक्त ट्रेन के गतिमान होने से लोडर की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि लोडर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक अंदर ही फंस गया।

घटना की सूचना मिलते ही गेवरा प्रबंधन और सुरक्षा दल मौके पर पहुंचे और ऑपरेटर को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सहकर्मियों ने सुरक्षा मानकों और संकेत व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि रेल साइडिंग क्षेत्र में काम के दौरान स्पष्ट चेतावनी और सतर्कता व्यवस्था अनिवार्य होनी चाहिए। वहीं, प्रबंधन ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं।

You may have missed