कोरबा (CG): शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के शिवाजी नगर में रविवार रात पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में घायल युवक ने शोर मचाकर खुद को बचाया और थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चाकू और पंच बरामद कर लिया है। मामले में आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
📌 घटना का विवरण
जानकारी के मुताबिक, शिवाजी नगर निवासी आयुष अग्रवाल (22 वर्ष) अपनी मां को रात करीब 9 बजे दुर्गा पंडाल छोड़कर लौट रहा था। इसी दौरान उसी इलाके में रहने वाला मितेश केंवट (LIG-194 निवासी) ने उसका रास्ता रोक लिया और चाकू अड़ाकर मारपीट शुरू कर दी।
आयुष ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को इकट्ठा कर लिया, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग खड़ा हुआ। पीड़ित ने थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।
📌 पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रमोद डनसेना ने टीम भेजकर आरोपी मितेश को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चाकू और पंच जब्त किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट (2022, मानिकपुर थाना) में कार्रवाई हो चुकी है।
📌 क्षेत्र में दहशत का माहौल
स्थानीय लोगों का कहना है कि शिवाजी नगर में यह कोई पहली वारदात नहीं है। इलाके में अक्सर शाम होते ही युवक बाइक पर उत्पात मचाते हैं और मारपीट की घटनाएं सामने आती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से लगातार गश्त और सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।











