कोरबा। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नकटीखार गांव के जंगल में एक अज्ञात युवक का शव बरामद किया गया है। शव मिलने की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकनिक मनाने पहुंचे कुछ लोगों ने सबसे पहले शव को देखा और तत्काल सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष बताई जा रही है। फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो पाई है। शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने के कारण पुलिस ने हत्या और हादसे दोनों पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय ग्रामीणों और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस ने शिनाख्त हेतु सूचना प्रसारित की है। साथ ही सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप्स के माध्यम से भी जानकारी साझा की जा रही है ताकि जल्द से जल्द मृतक की पहचान हो सके।













