कोरबा। जिले में सोमवार को भाजपा नेता एवं पूर्व बालको मंडल अध्यक्ष शिव बालक सिंह तोमर पर हुए जानलेवा हमले से राजनीतिक माहौल गरमा गया है। पुलिस ने मामले में जिला पंचायत सदस्य रज्जाक अली सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घायल भाजपा नेता का उपचार मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 12 बजे शिव बालक सिंह तोमर अपने भतीजे से मुलाकात करने जिला जेल गए थे। इसी दौरान जेल मार्ग पर उनकी मुलाकात जिला पंचायत सदस्य रज्जाक अली से हुई। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच भतीजे के संबंध में बातचीत हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद बढ़ने पर रज्जाक अली और उसके तीन अन्य साथियों ने कथित रूप से शिव बालक सिंह तोमर पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने रॉड, डंडे और बेसबॉल स्टिक से उन पर ताबड़तोड़ वार किए। हमले में उनके पैर में गंभीर चोटें आई हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों में से एक व्यक्ति तलवार लेकर घटनास्थल पर पहुंचा था। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल शिव बालक सिंह को स्थानीय लोगों की सहायता से मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए जिला पंचायत सदस्य रज्जाक अली सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा घटना में प्रयुक्त हथियारों की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं एवं नेताओं में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन सहित कई भाजपा नेता मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचकर घायल शिव बालक सिंह तोमर का हालचाल जाना।
वहीं, गिरफ्तार जिला पंचायत सदस्य रज्जाक अली ने अपने बयान में पूरे घटनाक्रम को महिला संबंधी मामले से जुड़ा बताया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।











