कोरबाछत्तीसगढ़

ब्रेकिंग न्यूज़/ मानिकपुर हत्या कांड का खुलासा: मुख्य आरोपी गिरफ्तार, बलगी डकैती कांड से भी जुड़े तार

कोरबा। पुलिस सहायता केंद्र मानिकपुर क्षेत्र में हुए बहुचर्चित हत्या प्रकरण का खुलासा करते हुए कोरबा पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी बलगी क्षेत्र में हुई डकैती की घटना में भी शामिल था। इस कार्रवाई को कोरबा पुलिस के “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत बड़ी सफलता माना जा रहा है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुभम सिंह बघेल, निवासी साकेत कॉलोनी जमनीपाली ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 6-7 जून 2026 की दरम्यानी रात उनके परिचित चंद्रमणि रात्रे उर्फ दादू को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा बोलेरो वाहन से गंभीर चोट पहुंचाई गई थी। उपचार के दौरान चंद्रमणि रात्रे की मृत्यु हो गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 500/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 109, 103(1) एवं 3(5) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज और 100 लोगों से पूछताछ

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर मामले के खुलासे के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया। टीमों को सीसीटीवी फुटेज की जांच, तकनीकी साक्ष्य जुटाने, संदिग्धों से पूछताछ और ह्यूमन इंटेलिजेंस विकसित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

जांच के दौरान पुलिस ने 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा 100 से अधिक लोगों से पूछताछ की। तकनीकी विश्लेषण और ह्यूमन इंटेलिजेंस से मिली जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया।

मुख्य आरोपी राजेंद्र साहू गिरफ्तार

विवेचना में राजेंद्र साहू उर्फ कुनाल साहू (22 वर्ष), निवासी कड़ारी थाना बाराद्वार जिला सक्ती, वर्तमान निवासी विकास नगर कुसमुंडा की संलिप्तता सामने आई। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी योगेंद्र बघेल उर्फ योगी के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।

आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन क्रमांक CG-12 BD-5025 को भी पुलिस ने जप्त कर लिया है।

बलगी डकैती कांड में भी निकला आरोपी का नाम

जांच के दौरान यह तथ्य भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी उसी दिन थाना बांकीमोंगरा क्षेत्र के बलगी में हुई डकैती की घटना में भी शामिल था। इस मामले में पुलिस पूर्व में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है तथा घटना में प्रयुक्त वेन्यू कार और स्कूटी भी जप्त की जा चुकी है।

पुलिस का मानना है कि आरोपी की गिरफ्तारी से दोनों मामलों की जांच में महत्वपूर्ण सफलता मिली है और कई अन्य अहम सुराग भी हाथ लग सकते हैं।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है तथा मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों की जांच जारी है।

कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अपराध एवं अपराधियों से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

🚔 सजग कोरबा – सतर्क कोरबा 🚔