ब्रेकिंग न्यूज: टाइगर प्वाइंट की 200 फीट गहरी खाई में मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस
कोरबा। बालको-लेमरू मुख्य मार्ग स्थित टाइगर प्वाइंट क्षेत्र में एक युवक का शव गहरी खाई में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नवनीत सिंह के रूप में किए जाने की चर्चा है। बताया जा रहा है कि वह कोरबा के एक अधिवक्ता के रिश्तेदार थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नवनीत सिंह 2 जून की रात घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, परंतु उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया। इसी बीच 3 जून की शाम सोशल मीडिया के माध्यम से सूचना मिली कि टाइगर प्वाइंट के पास एक गहरी खाई में वाहन दिखाई दे रहा है।
सूचना मिलते ही मामले की जानकारी बालको पुलिस को दी गई। रात के समय परिजनों एवं परिचितों ने भी युवक की तलाश की, लेकिन अंधेरा और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण खोजबीन में सफलता नहीं मिल सकी।
गुरुवार सुबह दोबारा सर्च अभियान चलाया गया। इस दौरान करीब 200 फीट गहरी खाई में युवक का शव दिखाई दिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
प्रारंभिक तौर पर वाहन दुर्घटना की आशंका जताई जा रही है, हालांकि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट खुलासा अभी नहीं हो पाया है। पुलिस दुर्घटना, तकनीकी कारणों सहित अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
फिलहाल शव को खाई से बाहर निकालने की कार्रवाई के बाद पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। वहीं परिजनों ने मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच की मांग की है।

