कोरबाछत्तीसगढ़

पाली में भीषण सड़क हादसा: ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, एक गंभीर घायल

कोरबा। जिले के पाली थाना क्षेत्र में सोमवार शाम भीमसेनिया जंगल के पास हुए भीषण सड़क हादसे में एक बाइक सवार की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बसीबार गांव निवासी लोंगदास (45) एवं रामलाल चौहान (40) कार्य समाप्त कर मोटरसाइकिल से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लोंगदास के सिर में गंभीर चोट आई और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रामलाल चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली ले गई। जहां चिकित्सकों ने लोंगदास को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल रामलाल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।

हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और वाहन नंबर के आधार पर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

पाली थाना प्रभारी नागेश तिवारी ने बताया कि अज्ञात ट्रेलर चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया गया।

TMN News | कोरबा
सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें, तेज रफ्तार जानलेवा हो सकती है।