रायपुर: CG Coal Scam में EOW की बड़ी कार्रवाई, सौम्या चौरसिया की 16 संपत्तियां कुर्क

रायपुर: CG Coal Scam में EOW की बड़ी कार्रवाई, सौम्या चौरसिया की 16 संपत्तियां कुर्क

रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित कोल लेवी घोटाले (CG Coal Scam) में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने मामले की मुख्य आरोपी सौम्या चौरसिया की 16 अचल संपत्तियों को कुर्क कर लिया है, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 8 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई EOW के विशेष न्यायाधीश के आदेश पर की गई।

गौरतलब है कि इससे पहले प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी सौम्या चौरसिया की 29 संपत्तियों (लगभग 39 करोड़ रुपये मूल्य की) को अटैच कर चुका है।

जयचंद कोसले की गिरफ्तारी

इससे पहले रविवार को सौम्या चौरसिया के करीबी और पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में सीएम सचिवालय में पदस्थ रहे लिपिक जयचंद कोसले के रायपुर व जांजगीर-चांपा स्थित ठिकानों पर छापेमारी हुई। इसमें कोल स्कैम से जुड़े कई अहम दस्तावेज और लगभग 50 करोड़ रुपये के लेन-देन के सबूत मिले।

EOW ने जयचंद कोसले को गिरफ्तार कर विशेष न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 26 सितंबर तक रिमांड पर भेजा गया है। एजेंसी का दावा है कि जयचंद भी कोयला घोटाले में प्रत्यक्ष रूप से शामिल है और उसके खिलाफ पुख्ता सबूत मिले हैं।