सावन उत्सव में झूम उठा महिला मंडल, निर्मला जायसवाल बनीं ‘सावन क्वीन 2026’
कुसमुंडा। गेवरा बस्ती स्थित हनुमान मंदिर महिला मंडल द्वारा बुधवार, 19 अगस्त को सरस्वती शिशु मंदिर कुसमुंडा के सामुदायिक भवन में भव्य सावन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में शामिल होकर नृत्य, गीत, रैंप वॉक और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से सावन की खुशियां साझा कीं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हनुमान मंदिर के महाराज एवं महाराजिन तथा कटघोरा विधानसभा के विधायक प्रतिनिधि श्री संतोष राठौर उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला मंत्री, महिला मोर्चा कोरबा श्रीमती हेमा शर्मा ने शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं पूजन-अर्चन के साथ हुआ।

मंच संचालन श्रीमती वर्षा सोनी ने किया। उन्होंने अतिथियों का परिचय कराते हुए स्वागत किया। मुख्य अतिथि श्री संतोष राठौर ने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी और आत्मविश्वास समाज को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वहीं मंदिर के पुजारी महाराज ने कहा कि सावन उत्सव महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ आपसी एकता, सौहार्द और उत्साह बढ़ाने का अवसर प्रदान करता है।

विशिष्ट अतिथि श्रीमती हेमा शर्मा ने कहा कि सावन का पवित्र महीना केवल उमंग और उत्साह का पर्व नहीं, बल्कि भगवान शिव की आराधना, आत्मिक शांति और भारतीय सनातन परंपराओं से जुड़ने का भी अवसर है।
सावन उत्सव में महिला मंडल की सदस्याएं गुलाबी साड़ी और हरी चूड़ियों में पारंपरिक अंदाज में नजर आईं। कार्यक्रम की शुरुआत निक्की एवं भूमिका जायसवाल द्वारा गणेश वंदना की प्रस्तुति से हुई। इसके बाद महिलाओं ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं।

कार्यक्रम में ‘सत्यम शिवम सुंदरम’, ‘झूम-झूम नाच मयूरी’, ‘मोर बर ले देना राजा लाली लुगरा’, ‘हमर पारा तुहर पारा’, ‘पतझड़ सावन बसंत बहार’, ‘बुलेट में जीजा जी आइस’, ‘छम्मक छल्लो’ सहित विभिन्न गीतों पर महिलाओं ने शानदार नृत्य प्रस्तुत किया। इसके अलावा रैंप वॉक और अन्य मनोरंजक गतिविधियों ने कार्यक्रम में उत्साह और बढ़ा दिया।
निर्मला जायसवाल बनीं सावन क्वीन 2026
सावन महोत्सव का सबसे आकर्षक आयोजन ‘सावन क्वीन 2026’ प्रतियोगिता रहा। प्रतियोगिता में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंततः श्रीमती निर्मला जायसवाल ने सावन क्वीन 2026 का खिताब अपने नाम किया। महिला मंडल की सदस्यों ने उन्हें मुकुट पहनाकर सम्मानित किया। खिताब जीतने के बाद कार्यक्रम स्थल पर खुशी का माहौल देखने को मिला।
महोत्सव को सफल बनाने में श्रीमती आरती जायसवाल, सुधा चौबे, संगीता वर्मा, खगेश्वरी चंद्रा, भूमोती जंघेला, राखी गुप्ता, चमेली राठौर, प्रीति सोनी, नंदिनी जायसवाल, मंदाकिनी राठौर, प्रेमलता राठौर, कृष्णा, श्यामा, निरुपमा कश्यप, मंजू राठौर, सिद्धि, शोभा, रुक्मणी, मनीषा, उर्मिला, सुमन, मीना तिवारी, संतोषी, रजनी, दिव्या एवं करिश्मा सहित अन्य महिला सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम का सफल संचालन श्रीमती वर्षा सोनी ने किया। अंत में श्रीमती संगीता वर्मा ने सभी अतिथियों, महिला मंडल की सदस्यों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। महिला मंडल के इस आयोजन ने सावन की उमंग, भारतीय संस्कृति और महिलाओं की प्रतिभा को एक साथ मंच प्रदान किया।
