कोरबाछत्तीसगढ़

कोरबा में खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई: अवैध खनिज परिवहन करते 9 वाहन जब्त, कई इलाकों में छापेमारी

कोरबा | CGTMN News

कोरबा जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 वाहनों को जब्त किया है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश एवं उप संचालक, खनिज प्रशासन के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।

खनिज विभाग की उड़नदस्ता टीम ने सीतामढ़ी, बरमपुर, राताखार, कुसमुंडा और कटघोरा सहित विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर अवैध रूप से रेत, मिट्टी और ईंट का परिवहन कर रहे वाहनों को पकड़ा।

इन वाहनों पर हुई कार्रवाई

सीतामढ़ी: रेत का अवैध परिवहन करते 2 ट्रैक्टर जब्त।

बरमपुर: रेत परिवहन में संलिप्त 1 टिपर जब्त।

राताखार: मिट्टी का अवैध परिवहन करते 2 हाइवा तथा रेत का अवैध परिवहन करते 1 टिपर जब्त।

कुसमुंडा: ईंट का अवैध परिवहन करते 2 ट्रैक्टर जब्त।

कटघोरा: रेत का अवैध परिवहन करते 1 ट्रैक्टर जब्त।

जब्त किए गए सभी वाहनों को सिटी कोतवाली थाना, सर्वमंगला पुलिस चौकी, कुसमुंडा थाना, दर्री थाना तथा खनिज जांच चौकी कटघोरा की अभिरक्षा में रखा गया है।

अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई जारी

खनिज विभाग ने बताया कि अभियान का उद्देश्य जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी रोक लगाना, प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा शासन को होने वाले राजस्व नुकसान को रोकना है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 तथा अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।

खनिज विभाग ने चेतावनी दी है कि जिले में अवैध खनन और अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।