कोरबा में मजदूर की पीट-पीटकर हत्या, ओवरब्रिज के नीचे दिनदहाड़े वारदात, आरोपी गिरफ्तार

कोरबा में मजदूर की पीट-पीटकर हत्या, ओवरब्रिज के नीचे दिनदहाड़े वारदात, आरोपी गिरफ्तार

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर में सोमवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली हत्या की वारदात सामने आई। कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित रेलवे ओवरब्रिज के नीचे चबूतरे पर एक मजदूर की लकड़ी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोपी ने मजदूर के सिर पर करीब 30 से 35 बार वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसने पूरे शहर को झकझोर दिया है।

सुबह हुई मारपीट का दोपहर में लिया बदला

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान राजेश महाराज (40 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मजदूरी कर अपना जीवनयापन करता था। वह प्रतिदिन ओवरब्रिज के नीचे काम की तलाश में बैठता था। वहीं आरोपी भरत साहू (38 वर्ष) क्षेत्र में घूम-घूमकर रहता था और नशे का आदी बताया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह भरत नशे की हालत में नग्न अवस्था में घूम रहा था। इस पर राजेश ने उसे ऐसा करने से मना किया और उसकी पिटाई कर दी। इसी बात से नाराज भरत ने बदला लेने की ठान ली।

सोते समय किया जानलेवा हमला

दोपहर में राजेश रोज की तरह चबूतरे पर सो रहा था। तभी भरत वहां पहुंचा और कुछ देर उसके पास बैठा रहा। इसके बाद उसने पास में रखी लकड़ी उठाई और राजेश के सिर पर लगातार 30 से 35 वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से राजेश की मौके पर ही मौत हो गई।

लोग रोकते रहे, लेकिन नहीं रुका आरोपी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वारदात के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने आरोपी को रोकने और पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह लगातार हमला करता रहा। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग निकला।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी भरत साहू को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।