कोरबा। जैव विविधता से समृद्ध कोरबा जिले में एक बार फिर दुर्लभ प्रजाति का सांप देखने को मिला है। मानिकपुर क्षेत्र के जे.पी. कॉलोनी में उस समय हड़कंप मच गया जब एक घर के अंदर राशन सामग्री के बीच एक अजीबो-गरीब काले-सफेद रंग का सांप दिखाई दिया।
पूर्व पार्षद एवं पार्षद प्रतिनिधि सुशील गर्ग ने घटना की सूचना तुरंत वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम प्रमुख जितेंद्र सारथी को दी। रात करीब 9:30 बजे रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और दया शंकर मिश्रा के घर में छिपे सांप को सुरक्षित रूप से पकड़ा गया।
विशेषज्ञों के अनुसार यह Forsten’s Cat Snake (बिल्ली सांप या चिंगराज) था, जो हल्का ज़हरीला होता है, लेकिन इंसानों के लिए घातक नहीं। सांप को पकड़ने के बाद टीम ने स्थानीय लोगों को इसके बारे में जानकारी दी, जिससे लोगों में फैली दहशत खत्म हुई। इसके बाद उसे सुरक्षित रूप से जंगल के प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।
जितेंद्र सारथी ने जिलेवासियों से अपील की है कि किसी भी सांप के दिखने पर घबराएं नहीं, बल्कि धैर्य रखें और तुरंत वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम को सूचना दें। साथ ही सर्पदंश की स्थिति में तत्काल जिला अस्पताल पहुंचें और रेस्क्यू टीम को भी सूचित करें ताकि समय पर मदद की जा सके।
📞 वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम कोरबा हेल्पलाइन नंबर:
➡️ 8817534455
➡️ 7999622151











