CG School News: युक्तियुक्तकरण में स्कूल ज्वाइन नहीं करने वाले शिक्षकों पर होगी सख्त कार्रवाई, शिक्षा विभाग ने दी मंजूरी

CG School News: युक्तियुक्तकरण में स्कूल ज्वाइन नहीं करने वाले शिक्षकों पर होगी सख्त कार्रवाई, शिक्षा विभाग ने दी मंजूरी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा विभाग ने युक्तियुक्तकरण (Rationalisation) के बाद स्कूल ज्वाइन नहीं करने वाले अतिशेष शिक्षकों पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। विभाग ने ऐसे शिक्षकों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की मंजूरी दे दी है।

जानकारी के अनुसार, हाल ही में हुए युक्तियुक्तकरण के बाद भी कई अतिशेष शिक्षक अपने नए स्कूल में पदस्थापना के बावजूद ज्वाइन नहीं कर रहे थे। इस पर DPI ऋतुराज रघुवंशी ने स्कूल शिक्षा विभाग को 875 शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई का प्रस्ताव भेजा था, जिसे विभाग से हरी झंडी मिल गई है। अब ऐसे शिक्षकों पर कार्रवाई तय मानी जा रही है।

🔹 13 हजार से अधिक शिक्षकों का हुआ ट्रांसफर

राज्य में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा हाल ही में किए गए युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया के तहत 13,000 से अधिक शिक्षकों का ट्रांसफर किया गया था। हालांकि, तीन महीने बीत जाने के बाद भी 800 से अधिक शिक्षकों ने अपने नए पदस्थापना स्थल पर ज्वाइन नहीं किया है।

विभाग ने इन शिक्षकों को दो-दो बार सुनवाई का मौका दिया था। कई मामलों में हाईकोर्ट ने भी शिक्षकों की याचिकाएं खारिज कर दीं। बावजूद इसके, कई शिक्षक आदेश का पालन नहीं कर रहे हैं।

🔹 DPI रघुवंशी ने दी सख्त चेतावनी

DPI ऋतुराज रघुवंशी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जो शिक्षक दो कार्य दिवस के भीतर ज्वाइन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
रघुवंशी की सख्ती के बाद पिछले महीने 500 से अधिक शिक्षकों ने ज्वाइनिंग दी थी, लेकिन अब भी बड़ी संख्या में शिक्षक आदेश की अनदेखी कर रहे हैं।

विभागीय सूत्रों के अनुसार, अब की कार्रवाई निलंबन या सेवा समाप्ति जैसी सख्त हो सकती है, ताकि अन्य शिक्षक भी नियमों का पालन करें।