NTPC कोरबा संयंत्र में ठेका श्रमिक की मौत, जांच रिपोर्ट में प्रबंधन की लापरवाही उजागर

NTPC कोरबा संयंत्र में ठेका श्रमिक की मौत, जांच रिपोर्ट में प्रबंधन की लापरवाही उजागर

कोरबा न्यूज़: एनटीपीसी (NTPC) कोरबा संयंत्र में कार्यरत एक ठेका श्रमिक की मौत के मामले ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। हादसा 22 अगस्त को CW स्टेज-II में क्रेन इंस्टॉलेशन के दौरान हुआ था। शुरुआती स्तर पर प्रबंधन ने घटना को दबाने की कोशिश की, लेकिन अब औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग की जांच रिपोर्ट ने NTPC प्रबंधन की गंभीर लापरवाही को उजागर कर दिया है।

हादसा कैसे हुआ?

मृतक श्रमिक की पहचान 35 वर्षीय कृष, निवासी हरियाणा के रूप में हुई है। वह रेवा इंडस्ट्रीज के ठेके पर कार्यरत था। कार्य के दौरान कृष ऊंचाई से लोहे की रेलिंग से टकराकर नीचे गिर गया। गंभीर चोट लगने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान अगले दिन उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को परिजनों के पास हरियाणा भेज दिया गया।

जांच रिपोर्ट में खुलासा

उप संचालक औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग विजय पोटाई ने बताया कि घटनास्थल निरीक्षण में सुरक्षा इंतजामों की भारी कमी और नियमों की अनदेखी सामने आई है। प्रथम दृष्टया यह साफ है कि हादसे की वजह NTPC प्रबंधन की लापरवाही रही।

हादसे को दबाने का आरोप

सूत्रों के अनुसार, घटना के बाद शुरुआती स्तर पर प्रबंधन ने मामले को दबाने और मीडिया से जानकारी छिपाने का प्रयास किया। लेकिन जांच रिपोर्ट सार्वजनिक होने के बाद अब NTPC प्रबंधन की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

बड़ी कार्रवाई की तैयारी

औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग ने संयंत्र का निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर ली है। विभाग ने संकेत दिया है कि जल्द ही NTPC प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सकती है। वहीं, पुलिस ने भी मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।