कोरबा/उरगा | 26 नवंबर 2025
उरगा थाना पुलिस ने तरदा–बिलासपुर भारत माला रोड स्थित अखरापाली टोल प्लाजा के पास युवक के साथ मारपीट और लूट करने वाले अज्ञात हमलावरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने सभी आरोपियों को पकड़कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मामला अपराध क्रमांक 524/2025 (धारा 296, 351(3), 115(2), 310(2), 3(5) BNS) के तहत दर्ज किया गया है।
मामले का विवरण
प्रार्थी अटल मिर्झा ने थाना उरगा में लिखित आवेदन देकर बताया कि उसका छोटा भाई प्रीतेश मिर्झा 22 नवंबर की शाम लगभग 6 बजे सर्वमंगला मंदिर से दर्शन कर नहर रोड के रास्ते कोरबा लौट रहा था। जब वह अखरापाली टोल प्लाजा के पास पहुंचा, तभी 5–6 लोगों ने उसे रोककर बेल्ट, हाथ और मुक्कों से हमला किया।
हमलावरों ने युवक के पास रखे 2000 रुपये नकद और मोबाइल फोन लूट लिया तथा उसे बेहोशी की हालत में वहीं छोड़कर फरार हो गए।
शिकायत पर पुलिस ने तुरंत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।
आरोपी ऐसे चढ़े पुलिस के हत्थे
एसपी सिद्धार्थ तिवारी, एएसपी नितिन ठाकुर और सीएसपी भूषण एक्का के निर्देशन पर पुलिस टीम गठित कर जांच की जा रही थी।
इसी दौरान मिली मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लिया:
- सूरज कुमार खुटे (20 वर्ष), तरदा परसाभाठा
- आकाश ज्याला (19 वर्ष), तरदा परसाभाठा
- आकाश लहरे (18 वर्ष), कथरीमाल परानुपारा
- एक विधि से संघर्षरत बालक
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने गांव की एक लड़की का पीछा करने के संदेह में मारपीट व लूट की घटना को अंजाम दिया।
जप्त सामान
पुलिस ने आरोपियों के पास से
04 रग्जिन बेल्ट,
लूट के 2000 रुपये में से 400 रुपये,
घटना में प्रयुक्त होंडा शाइन मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 12 BB 1620)
जप्त किए हैं।
अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
जांच दल की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में
सउनि सतराम सिंहा, ईश्वर एक्का, प्र.आर. अजय पाण्डेय, रामू कुर्मी, रामेन्द्र बर्मन, अजय यादव, प्रेमचंद साहू, महासिंह सिदार, नितेश तिवारी एवं महिला आरक्षक सुर्या खुटे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











