Korba Crime News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रूमगरा में वर्ष 2022 में हुई एक सनसनीखेज हत्या के मामले में कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। पत्नी की हत्या कर शव को सेप्टिक टैंक में छुपाने वाले आरोपी पति रवेंद्र कुमार राजपूत (37 वर्ष) को अदालत ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।
मामला क्या था?
18 जुलाई 2022 को मृतका बुधवारा बाई अचानक लापता हो गई थी। इस घटना की जानकारी उसकी मां मिलन बाई ने बेटे राजू राजपूत को दी। अगले दिन सुबह जब राजू बहन की खोजबीन के लिए उसके घर पहुंचा, तो उसे घर के सेप्टिक टैंक पर रखी लकड़ी संदिग्ध लगी। शक होने पर जांच की गई, तो टैंक के अंदर से बुधवारा बाई का शव बरामद हुआ।
पुलिस जांच और आरोप
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी पति रवेंद्र कुमार राजपूत को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच में यह बात सामने आई कि सास को घर में रखने की बात को लेकर पति-पत्नी में विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के लिए शव को सेप्टिक टैंक में डाल दिया।
कोर्ट का फैसला
लगभग तीन साल चली सुनवाई के बाद प्रथम अपर सत्र न्यायालय ने मंगलवार को फैसला सुनाते हुए आरोपी रवेंद्र को धारा 302 (हत्या) के तहत आजीवन कारावास और 5000 रुपए का जुर्माना लगाया है। वहीं, धारा 201 (साक्ष्य छिपाने) के तहत उसे एक साल की सजा और 500 रुपए का अर्थदंड भी दिया गया है। जुर्माना अदा न करने पर उसे अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।














