कोरबाछत्तीसगढ़

कोरबा की दर्दनाक घटना में घायल चंद्रमणि रात्रे की मौत, पांच दिन बाद भी आरोपी गिरफ्त से दूर

कोरबा। शहर में बीते दिनों हुए दिल दहला देने वाले घटनाक्रम में गंभीर रूप से घायल चंद्रमणि रात्रे (दादू) का उपचार के दौरान निधन हो गया। चंद्रमणि, सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) रामनारायण रात्रे के इकलौते पुत्र थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों, मित्रों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार, गंभीर रूप से घायल चंद्रमणि रात्रे का पहले बिलासपुर के अपोलो अस्पताल में उपचार चल रहा था। सीने में गंभीर चोट और हालत नाजुक होने के कारण उन्हें रायपुर के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।

क्या था पूरा मामला

घटना रविवार की दरम्यानी रात करीब 1 से 3 बजे के बीच की बताई जा रही है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के मानिकपुर पुलिस सहायता केंद्र अंतर्गत बुधवारी बायपास मार्ग पर कुछ युवक अपने दोस्तों के साथ एक कार में मौजूद थे। इसी दौरान एक सफेद रंग की बोलेरो वहां पहुंची और सड़क पर पर्याप्त जगह होने के बावजूद काली कार के सामने आकर खड़ी हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बोलेरो सवारों ने पहले से खड़ी कार को हटाने के लिए कहा, जिस पर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान एएसआई रामनारायण रात्रे के पुत्र चंद्रमणि रात्रे जैसे ही वाहन से बाहर निकले, बोलेरो चालक ने कथित रूप से तेज गति से वाहन बढ़ाते हुए उन्हें टक्कर मार दी और कुचलते हुए मौके से फरार हो गया।

पत्रकार के साथ भी हुई थी मारपीट

घटना के बाद बोलेरो का पीछा कर रहे एक युवा पत्रकार को भी बलगी क्षेत्र में कथित रूप से कुछ युवकों ने घेरकर बेरहमी से मारपीट की थी। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे छोड़कर आरोपी फरार हो गए थे। इस मामले में लूटपाट और हथियार दिखाकर धमकाने के भी आरोप लगाए गए हैं।

पांच दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं

घटना को पांच दिन से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। चंद्रमणि रात्रे की मौत के बाद परिजनों और नागरिकों में आक्रोश बढ़ गया है। लोग आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी होने की बात कही जा रही है, लेकिन अब तक आरोपियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं होने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

चंद्रमणि रात्रे के निधन के बाद पूरे शहर में शोक का माहौल है और लोग दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।TMN News | कोरबा
एएसआई के इकलौते पुत्र की मौत से शहर में शोक, पांच दिन बाद भी आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर।