कोरबा। जिले में चरित्र संदेह को लेकर हुए विवाद ने एक महिला की जिंदगी को मौत से जूझने पर मजबूर कर दिया। शुक्रवार रात सीएसईबी पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत झोपड़ीपारा पंप हाउस में एक पति ने अपनी पत्नी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसी महिला को मेडिकल कॉलेज अस्पताल के बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी रवि बरेठ की शादी करीब 5 साल पहले 23 वर्षीय अंजलि बरेठ से हुई थी। दोनों का एक बच्चा भी है। रवि अपनी पत्नी के चरित्र पर लगातार शक करता था, जिस कारण दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। विवाद से परेशान होकर अंजलि कुछ समय से अपने मायके में रह रही थी।
शुक्रवार रात करीब 9 बजे रवि पेट्रोल की बोतल लेकर अंजलि के मायके पहुंचा। इससे पहले कि अंजलि कुछ समझ पाती, रवि ने उस पर पेट्रोल उड़ेल दिया और माचिस जलाकर आग लगा दी। अंजलि आग की लपटों में घिर गई, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया।
अंजलि की चीख-पुकार सुनकर परिजन दौड़े और किसी तरह आग बुझाई। इसके बाद उसे गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां बर्न यूनिट में उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और पीड़िता का बयान दर्ज किया गया। बयान में अंजलि ने अपने पति को कड़ी से कड़ी सजा, यहां तक कि फांसी की सजा देने की मांग की है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी भीमसेन यादव ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रवि बरेठ को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
कोरबा: चरित्र संदेह में हैवानियत, पति ने पत्नी पर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया











