रायपुर। लंबे समय से फरार चल रहे कुख्यात तोमर बंधुओं में से एक वीरेंद्र तोमर को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, रायपुर पुलिस ने वीरेंद्र तोमर को मध्य प्रदेश से दबोचा है। वह कई महीनों से फरारी काट रहा था और पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी।
वीरेंद्र तोमर और उसका भाई रोहित तोमर रायपुर और आसपास के इलाकों में सूदखोरी, मारपीट, ब्लैकमेलिंग और अवैध हथियार रखने जैसे कई गंभीर मामलों में आरोपी हैं। दोनों भाइयों पर आरोप है कि वे लोगों को ऊंचे ब्याज पर पैसे देकर उनसे वसूली के दौरान मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना करते थे।
पुलिस ने पहले ही तोमर बंधुओं की पत्नियों और कई सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं, मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें अलग-अलग राज्यों में तैनात थीं। आखिरकार पुलिस को बड़ी सफलता मिली और वीरेंद्र तोमर को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका भाई रोहित तोमर अभी भी फरार है।
अधिकारियों के अनुसार, वीरेंद्र तोमर से पूछताछ जारी है और जल्द ही पुलिस इस पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा करेगी। रायपुर पुलिस की यह कार्रवाई शहर में लंबे समय से सक्रिय सूदखोर गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है।











