ब्रेकिंग कोरबा: 24 घंटे में दो शोरूम में चोरी, सीसीटीवी में कैद हुआ शातिर चोर

ब्रेकिंग कोरबा: 24 घंटे में दो शोरूम में चोरी, सीसीटीवी में कैद हुआ शातिर चोर

कोरबा (छत्तीसगढ़): जिले के कुसमुंडा क्षेत्र में बीते 24 घंटे के भीतर दो बड़े दुपहिया वाहन शोरूम में चोरी की वारदात सामने आई है। चोर ने दोनों घटनाओं को बिल्कुल एक जैसी तरकीब से अंजाम दिया और सीसीटीवी फुटेज में उसकी करतूत साफ नजर आई।

पहली वारदात सोमवार देर रात लगभग 12 बजे इमली छापर रोड स्थित रेहान होंडा शोरूम में हुई। चोर छत के रास्ते अंदर घुसा और गल्ले को तोड़कर करीब 30 हजार रुपए उड़ा ले गया। इसके अगले ही दिन यानी मंगलवार की रात को उसने कबीर चौक स्थित के.बी. ऑटोमोबाइल्स में भी उसी तरीके से चोरी की घटना दोहराई और गल्ले से करीब 33 हजार रुपए पार कर दिए।

दोनों घटनाएं सीसीटीवी कैमरे में कैद हुईं। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि चोर ने अपना चेहरा टी-शर्ट से ढक रखा था और अर्धनग्न हालत में वारदात को अंजाम दिया, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है।

फिलहाल पुलिस ने दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और शातिर चोर की तलाश में जुट गई है।