खोरडी मोड़ पर भीषण सड़क हादसा, दो की मौत; एक गंभीर घायल
कोरबा। कुसमुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खोरडी मोड़ के पास मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में ग्राम सराइसिंगार निवासी दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, फूल सिंह पिता दौलत सिंह, नरसिंह सिंह पिता फूल सिंह और यशवंत सिंह पिता स्वर्गीय कमल सिंह मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 BJ 5644 से ग्राम सराइसिंगार से गेवरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान खोरडी मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से उनकी मोटरसाइकिल की जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि फूल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल नरसिंह सिंह ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, यशवंत सिंह गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें डायल-112 की सहायता से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही जनपद सदस्य फुलचंद कश्यप भी मौके पर सहयोग के लिए सामने आए और घायल के उपचार में हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
इधर, कुसमुंडा पुलिस ने मृतकों के शवों का मर्ग पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा दुर्घटना के संबंध में आवश्यक जांच की जा रही है।
हादसे की खबर फैलते ही ग्राम सराइसिंगार में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए घायल यशवंत सिंह के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
