कोरबा | CGTMN News
कोरबा पुलिस के “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में थाना कोतवाली अंतर्गत चौकी मानिकपुर पुलिस ने हाथ में तलवार लेकर लोगों को डराने-धमकाने वाले 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई 2026 को सूचना मिली कि प्रेम कुमार साहू (19 वर्ष), निवासी मुड़ापार मुस्लिम बस्ती अपने घर के सामने धारदार तलवार लेकर लोगों में भय का माहौल बना रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक धारदार लोहे की तलवार बरामद हुई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 641/2026 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जिला जेल भेज दिया गया।
लगातार तीसरी बड़ी कार्रवाई
कोरबा पुलिस ने बताया कि पिछले 4–5 दिनों में आर्म्स एक्ट के तहत यह लगातार तीसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले भी दो अलग-अलग मामलों में धारदार हथियार लेकर दहशत फैलाने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस का स्पष्ट संदेश
कोरबा पुलिस ने कहा है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लहराने, दादागिरी करने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आम नागरिकों की सुरक्षा और जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।










