कोरबा। जिले में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए कोरबा पुलिस का “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए गुंडों, निगरानी बदमाशों और जिला बदर के लिए चिन्हित व्यक्तियों के घरों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विभिन्न थाना क्षेत्रों की टीमों ने उन व्यक्तियों का सत्यापन किया, जिनके विरुद्ध वर्ष 2024, 2025 और 2026 में जिला बदर की कार्रवाई के लिए जिला दंडाधिकारी को प्रतिवेदन भेजे जा चुके हैं।
चेकिंग के दौरान पुलिस अधिकारियों ने संबंधित व्यक्तियों को उनके घर पहुंचकर स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, गुंडागर्दी या कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि दोबारा किसी अपराध में संलिप्त पाए गए तो उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कोरबा पुलिस ने कहा कि जिले में गुंडे, निगरानी बदमाश और असामाजिक तत्व लगातार पुलिस की निगरानी में हैं तथा आम नागरिकों की सुरक्षा और जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
मुख्य बिंदु
🔴 देर रात गुंडों और निगरानी बदमाशों के घरों पर पुलिस की दबिश।
🔴 जिला बदर के लिए चिन्हित व्यक्तियों का सत्यापन।
🔴 अपराध से दूर रहने की सख्त चेतावनी।
🔴 दोबारा अपराध करने पर कठोर कानूनी कार्रवाई।
🔴 “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान लगातार जारी।










