कोरबा। जिले में संचालित “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के दो प्रमुख बारों में आकस्मिक छापेमारी की। पुलिस ने पाम मॉल स्थित ONC (One Night Club) और सेंट्रल प्वाइंट स्थित बार में आबकारी नियमों का उल्लंघन करते हुए निर्धारित समय के बाद भी ग्राहकों को शराब परोसते पाया। इसके बाद दोनों बार के मैनेजरों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि दोनों बारों में देर रात तक पार्टी आयोजित की जा रही है और निर्धारित समय के बाद भी शराब परोसी जा रही है।
पुलिस के अनुसार, शिकायतों के सत्यापन के बाद देर रात संयुक्त टीम ने दोनों प्रतिष्ठानों पर अचानक छापा मारा। जांच के दौरान आबकारी नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर दोनों बार के मैनेजरों को थाना लाकर उनके विरुद्ध संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि हाल ही में पाम मॉल स्थित ONC से शराब पीकर निकले एक व्यक्ति ने अपनी स्कॉर्पियो को लापरवाही से मॉल की सीढ़ियों पर चढ़ाने का प्रयास किया था। इस मामले में कोरबा पुलिस ने आरोपी रमन सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया था। इसके बाद से देर रात संचालित बारों की गतिविधियां पुलिस की निगरानी में थीं।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति या प्रतिष्ठान को बख्शा नहीं जाएगा। नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह की सख्त और प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।









