रायपुर: राजधानी रायपुर के नवा रायपुर क्षेत्र से मिली अज्ञात लाश के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में मृतक की पहचान अक्षत चौधरी, निवासी हनुमान ताल, जबलपुर (मध्यप्रदेश) के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि अक्षत चौधरी राज्योत्सव में लाइटिंग टीम के साथ काम करने रायपुर आया था और 24 अक्टूबर से रहस्यमय तरीके से लापता था।
जानकारी के अनुसार, 3 नवम्बर को CBD रेलवे स्टेशन के पीछे एक शव सड़ी-गली हालत में मिला था। सूचना पर माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, मृतक की गुमशुदगी को लेकर किसी भी थाने में रिपोर्ट दर्ज नहीं थी, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस मृतक के साथियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश में है कि अक्षत चौधरी राज्योत्सव स्थल से अचानक कैसे और क्यों लापता हुआ। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण और समय स्पष्ट हो सकेगा।











