कोरबा। जिले के कुसमुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत गेवरा बस्ती शिक्षक मोहल्ला में रविवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात हुई। नशे में धुत एक युवक ने पुरानी रंजिश के चलते टेलर पर डंडे से हमला कर दिया। वहीं बीच-बचाव करने आए युवक का गाल दांत से काट लिया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी सोमनाथ पटेल का लंबे समय से टेलर भागवत दीवान के पुत्र संदीप दीवान से विवाद चला आ रहा था। रविवार सुबह करीब 10:30 बजे सोमनाथ रंजिश निकालने भागवत के घर पहुंचा। उस समय संदीप घर पर मौजूद नहीं था। घर में केवल भागवत दीवान और उनकी पत्नी थे।
आरोपी ने वहां पहुंचते ही गाली-गलौच शुरू कर दी और फिर टेलर भागवत दीवान पर डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। शोर सुनकर पड़ोसी अनीश दास मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने का प्रयास किया। इसी दौरान हमलावर सोमनाथ ने अनीश के चेहरे पर हमला कर उसके गाल को बुरी तरह काट डाला। घटना के बाद आरोपी अपने ही घर में जाकर छुप गया।
सूचना मिलते ही कुसमुंडा थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। वहीं गंभीर रूप से घायल भागवत दीवान को जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। अनीश दास को भी प्राथमिक उपचार दिया गया।
इस घटना से मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी अक्सर नशे की हालत में विवाद करता रहता था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।











