कोरबा में ACB की बड़ी कार्रवाई: विद्युत विभाग का असिस्टेंट इंजीनियर 50 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

कोरबा में ACB की बड़ी कार्रवाई: विद्युत विभाग का असिस्टेंट इंजीनियर 50 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार


कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विद्युत विभाग के असिस्टेंट इंजीनियर को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ट्रांसफार्मर लगाने के नाम पर किसान से घूस मांग रहा था। यह मामला दीपका थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित किसान का नाम श्यामता टंडन है, जो ग्राम रलिया का निवासी है। उसने अपने खेत में ट्रांसफार्मर लगवाने के लिए विद्युत विभाग में आवेदन दिया था। इस दौरान असिस्टेंट इंजीनियर सत्येंद्र दिवाकर ने उससे 80 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की।
पीड़ित किसान पहले ही आरोपी को 30 हजार रुपए दे चुका था, लेकिन शेष 50 हजार रुपए देने से इंकार कर दिया और इसकी शिकायत बिलासपुर स्थित एंटी करप्शन ब्यूरो कार्यालय में की।
🔍 शिकायत सही पाई गई, बिछाया गया जाल
शिकायत की सत्यापन प्रक्रिया में आरोप सही पाए जाने पर ACB टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। 28 जनवरी को शिकायतकर्ता श्यामता टंडन को 50 हजार रुपए के साथ आरोपी के दीपका स्थित कार्यालय भेजा गया।
जैसे ही असिस्टेंट इंजीनियर सत्येंद्र दिवाकर ने रिश्वत की रकम ली, पहले से घात लगाए ACB की टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से 50 हजार रुपए रिश्वत की रकम बरामद की गई है।
⚖️ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज
इस संबंध में डीएसपी ACB बिलासपुर अजितेश सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत कार्रवाई की जा रही है।