कोरबा की दर्दनाक घटना में घायल चंद्रमणि रात्रे की मौत, दो आरोपी गिरफ्तार, डीजल चोरी गिरोह से जुड़ रहे तार
कोरबा। शहर में बीते दिनों हुए सनसनीखेज घटनाक्रम में गंभीर रूप से घायल चंद्रमणि रात्रे (दादू) का उपचार के दौरान निधन हो गया। चंद्रमणि, सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) रामनारायण रात्रे के इकलौते पुत्र थे। उनकी मौत की खबर से पूरे शहर में शोक और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, घटना में गंभीर रूप से घायल चंद्रमणि रात्रे का पहले बिलासपुर के अपोलो अस्पताल में उपचार चल रहा था। सीने में गंभीर चोट और हालत नाजुक होने के कारण उन्हें रायपुर के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
क्या था पूरा मामला
घटना रविवार की दरम्यानी रात करीब 1 से 3 बजे के बीच की बताई जा रही है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के मानिकपुर पुलिस सहायता केंद्र अंतर्गत बुधवारी बायपास मार्ग पर कुछ युवक अपने दोस्तों के साथ एक कार में मौजूद थे। इसी दौरान एक सफेद रंग की बोलेरो वहां पहुंची और सड़क पर पर्याप्त जगह होने के बावजूद काली कार के सामने आकर खड़ी हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन हटाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ। इसी दौरान एएसआई रामनारायण रात्रे के पुत्र चंद्रमणि रात्रे जैसे ही वाहन से बाहर निकले, बोलेरो चालक ने कथित रूप से तेज रफ्तार में वाहन बढ़ाते हुए उन्हें टक्कर मार दी और कुचलते हुए मौके से फरार हो गया।
पत्रकार के साथ भी हुई थी बेरहमी से मारपीट
घटना के बाद बोलेरो का पीछा कर रहे युवा पत्रकार अरविंद राठौर को भी बलगी क्षेत्र में कथित रूप से कुछ युवकों ने घेर लिया। आरोप है कि उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई, हथियार दिखाकर धमकाया गया और लूटपाट भी की गई। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें छोड़कर आरोपी फरार हो गए थे।
दो आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग भी शामिल
पुलिस जांच के दौरान इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई है, जिनमें से एक आरोपी नाबालिग बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस की ओर से अभी विस्तृत आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
डीजल चोरी गिरोह से जुड़ रहे तार
सूत्रों के अनुसार, इस बहुचर्चित मामले के तार हाल ही में उजागर हुए करोड़ों रुपये के डीजल चोरी नेटवर्क से भी जुड़ते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस इस एंगल पर भी गंभीरता से जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपियों और डीजल चोरी मामले में सामने आए कुछ नामों के बीच संबंधों की पड़ताल की जा रही है।
हालांकि पुलिस ने अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन जांच एजेंसियां घटना के पीछे की पूरी साजिश और संभावित नेटवर्क को खंगालने में जुटी हुई हैं।
परिजनों में आक्रोश, निष्पक्ष जांच की मांग
चंद्रमणि रात्रे की मौत के बाद परिजनों, पुलिस विभाग और आम नागरिकों में भारी आक्रोश है। लोग आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, पूरे षड्यंत्र का खुलासा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले की जांच जारी है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।
TMN News | कोरबा
नोट: डीजल चोरी गिरोह से संबंधों की जांच जारी है। आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच और बयान के बाद ही मानी जाएगी।

