रायपुर: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। राज्य के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने लगा है। खासकर बस्तर और सुकमा जिले में मूसलाधार बारिश के चलते बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। यहां से पानी से भरी सड़कों और डूबते गांवों की तस्वीरें सामने आई हैं। वहीं मौसम विभाग (IMD) ने आज शनिवार को पूरे प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
किन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, आज 30 अगस्त (शनिवार) को राजधानी रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, दुर्ग, बस्तर, कांकेर, कोंडागांव, सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा और नारायणपुर जिले ऑरेंज अलर्ट की श्रेणी में रखे गए हैं। इन इलाकों में दिनभर तेज बारिश के आसार हैं।
राजधानी रायपुर मौसम की बात करें तो बीते कुछ दिनों से यहां धूप और बादलों के बीच आंख-मिचौली चल रही है। शनिवार को भी आसमान में घने बादल छाए रहेंगे और रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है। वहीं दुर्ग और सुकमा में पिछले 24 घंटे में भारी बारिश रिकॉर्ड की गई है।
तेज आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी
CG Weather Update Today के अनुसार, सिर्फ बारिश ही नहीं बल्कि कई जिलों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान घरों से बाहर न निकलें। सफर के दौरान अगर बारिश तेज हो तो खुले मैदान या पेड़ के नीचे रुकने से बचें।
लोगों को बरतनी होगी सावधानी
प्रदेश के कई निचले इलाकों में पानी भरने और बाढ़ जैसे हालात बन सकते हैं। इसलिए प्रशासन ने भी लोगों को अलर्ट रहने की सलाह दी है।











