कोरबा। जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से कोरबा पुलिस ने तड़के सुबह एक बड़ा विशेष अभियान चलाया। इस दौरान लूट, डकैती एवं अन्य गंभीर अपराधों में पूर्व में संलिप्त और सजा काट चुके 102 आदतन अपराधियों को उनके घरों से थाना तलब कर थानों एवं चौकियों में परेड कराई गई।
पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया, जिसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री लखन पटले एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा श्री नीतिश ठाकुर के मार्गदर्शन में जिले के तीनों अनुभागों के एसडीओपी तथा समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों ने कार्रवाई की।
सुबह लगभग 04:00 बजे से जिले भर में एक साथ विशेष अभियान शुरू किया गया। अभियान के तहत लूट एवं डकैती जैसे गंभीर अपराधों में पहले जेल जा चुके आदतन अपराधियों को चिन्हित कर थानों में बुलाया गया, जहां उनकी विधिवत परेड कराई गई।
थाना स्तर पर सभी आरोपियों का सत्यापन, रिकॉर्ड परीक्षण एवं काउंसलिंग की गई तथा उन्हें भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी गई।
⚖️ इन धाराओं में हुई कार्रवाई
अभियान के दौरान कई सक्रिय आरोपियों के विरुद्ध परिस्थितियों के अनुसार धारा 110, 107, 116(3), 129 बीएनएसएस के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। वहीं कई आदतन अपराधियों के खिलाफ थाना एवं चौकियों में हिस्ट्रीशीट खोलने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
🚨 पुलिस का सख्त संदेश
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले आदतन अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आम नागरिकों की सुरक्षा, शांति और विश्वास बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
📢 आम जनता से अपील
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की सूचना तत्काल नजदीकी थाना, चौकी या पुलिस कंट्रोल रूम को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
कोरबा पुलिस का बड़ा एक्शन: 102 लूट-डकैती के आरोपियों की थानों में कराई गई परेड











