छत्तीसगढ़ में और गिरेगा तापमान, कई जिलों में कोहरा व शीतलहर का अलर्ट जारी

छत्तीसगढ़ में और गिरेगा तापमान, कई जिलों में कोहरा व शीतलहर का अलर्ट जारी


रायपुर: छत्तीसगढ़ में ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह-शाम कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है। पेंड्रा, अंबिकापुर और आसपास के जिलों में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। इसी बीच मौसम विभाग ने दुर्ग और रायपुर संभाग के कई जिलों में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है।
अगले कुछ दिन और सताएगी ठंड
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में छत्तीसगढ़ के अधिकांश इलाकों में ठंड और तेज होगी। राजधानी रायपुर और नवा रायपुर में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। कोहरे के चलते दृश्यता कम हो रही है, जिससे सड़क पर चलने वाले वाहन चालकों को सतर्क रहने की जरूरत है।
अंबिकापुर रहा सबसे ठंडा जिला (Ambikapur Weather Update)
प्रदेश में इस सीजन की सबसे ज्यादा ठंड अंबिकापुर में दर्ज की गई है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान गिरकर 4.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो अब तक का सबसे कम तापमान है। वहीं न्यायधानी बिलासपुर में पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग की चेतावनी और सलाह
मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि ठंड का प्रभाव आने वाले दिनों में और बढ़ सकता है। लोगों को सर्दी से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनने, सुबह और देर शाम अनावश्यक बाहर निकलने से बचने और कोहरे के दौरान वाहन सावधानी से चलाने की सलाह दी गई है।