सरस्वती शिशु मंदिर कुसमुंडा में रामानुजन जयंती पर गणित मेले का सफल आयोजन

सरस्वती शिशु मंदिर कुसमुंडा में रामानुजन जयंती पर गणित मेले का सफल आयोजन

कोरबा जिले के कुसमुंडा स्थित सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में दिनांक 20 दिसंबर (शनिवार) को महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की जयंती के अवसर पर भव्य गणित मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के प्राचार्य श्री चिंतामणि कौशिक, गणिताचार्य श्री रामशरण कश्यप, श्री अनूप सावलकर एवं विज्ञान प्रमुख श्रीमती अंजना पाराशर दीदी जी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।

गणित मेले में विद्यालय के भैया-बहनों ने गणित को रोचक और सरल रूप में प्रस्तुत करते हुए गणितीय चार्ट, मॉडल, प्रदर्शनी, गणित मापन गतिविधियां तथा प्रश्न मंच के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों की रचनात्मकता और गणितीय समझ ने उपस्थित जनसमूह को विशेष रूप से आकर्षित किया।

इस अवसर पर प्राचार्य श्री चिंतामणि कौशिक ने अपने उद्बोधन में कहा कि महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन ने अल्प आयु में ही गणित के क्षेत्र में अद्वितीय योगदान दिया। उन्होंने पाई (π) के अंकों की गणना हेतु अनेक नवीन सूत्र प्रस्तुत किए, जो परंपरागत विधियों से अलग थे। आज के आधुनिक जीवन में गणित का अत्यंत महत्व है, इसके बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती।

कार्यक्रम के दौरान समस्त आचार्य परिवार की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनके सहयोग से यह गणित मेला सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। विद्यालय प्रबंधन द्वारा इस आयोजन को विद्यार्थियों में गणित के प्रति रुचि और वैज्ञानिक सोच विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया गया।